मुंबई (अशोक “अश्क”) मायानगरी में हो रही मूसलधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार को थमा दिया है। आम लोगों से लेकर बॉलीवुड सितारों तक, सभी इस भारी बारिश की मार झेल रहे हैं। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर मुंबई के अलग-अलग इलाकों में भरे पानी के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

मौसम विभाग ने 21 अगस्त तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस बीच, बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले प्रतीक्षा का एक वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को चौंका दिया है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बंगले के बाहर सड़क पर टखनों तक पानी भर चुका है, और बंगले के कैंपस के अंदर भी पानी भरा हुआ नजर आ रहा है।
दावा किया जा रहा है कि बिग बी खुद वाइपर लेकर बाहर आए थे और पानी निकालने की कोशिश कर रहे थे। अमिताभ बच्चन का यह बंगला उन्होंने साल 1976 में खरीदा था और इसका नाम उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ने प्रतीक्षा रखा था। यहीं पर उनकी बेटी श्वेता और बेटे अभिषेक का जन्म हुआ था। हालांकि अब पूरा परिवार जलसा बंगले में रहता है और प्रतीक्षा को अमिताभ अपनी बेटी श्वेता के नाम कर चुके हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों अपने लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के 17वें सीजन की मेजबानी कर रहे हैं। यह शो 11 अगस्त से प्रसारित होना शुरू हो चुका है। बिग बी की मौजूदगी और बारिश के बीच यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जो दर्शाता है कि मायानगरी की बारिश किसी को नहीं बख्शती चाहे वह आम हो या खास।

