
पटना,सेंट्रल डेस्क:-14 अप्रैल:-बिहार एसटीएफ व पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया है.गिरफ्तार अपराधी पटना जिले खाजेकलां थाने के दिवान साव मुहल्ले के निवासी राजा उर्फ राजकुमार उर्फ भखलु है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार,
आरोपी चंद्रकांत प्रसाद हत्याकांड (रामकृष्णा नगर थाना कांड संख्या 420/25) तथा पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के डानकुनी थाना क्षेत्र में सोहन गोल्ड एंड डायमंड शोरूम डकैती कांड (कांड संख्या 254/25) में वांछित था.एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि वह पुनः कंकड़बाग और रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में सक्रिय है.
सूचना के आधार पर मानवीय एवं तकनीकी निगरानी बढ़ाई गई.इसके बाद 13 अप्रैल 2026 को एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र से उसे दबोच लिया गया.गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर आलमगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई,जहां से चोरी व डकैती से जुड़े स्वर्ण एवं चांदी के आभूषण तथा नगद राशि बरामद की गई.
बरामद सामान में शामिल
880 ग्राम चांदी के आभूषण
34 ग्राम स्वर्ण जैसे आभूषण
60,000 रुपये नकद
एक मोबाइल फोन
पुलिस के मुताबिक,आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है.वह वैशाली समेत कई जिलों के अपराधियों के साथ मिलकर हत्या,डकैती,लूट,आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के दर्जनों मामलों में संलिप्त रहा है.बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं.फिलहाल पुलिस उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुटी है.STF का कहना है कि इस गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे की संभावना है.वही पश्चिम बंगाल की पुलिस भी उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है.

