
सेंट्रल डेस्क:-19 अप्रैल:-उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर की गई एक आपत्तिजनक पोस्ट ने कुशीनगर में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ पड़रौना कोतवाली में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के इस मामले में साहबगंज उत्तरी निवासी निकुंज टिबड़ेवाल ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि फेसबुक पोस्ट के बाद आरोपी विवेक टिबड़ेवाल ने न केवल मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की,बल्कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, यह विवाद केवल ऑनलाइन तक सीमित नहीं रहा। पंजाब नेशनल बैंक के पास दोनों में हुई मुलाकात के दौरान भी आरोपी ने शिकायतकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया। साथ ही,सोशल मीडिया पर लगातार परिवार,माता और पूर्वजों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं,जिससे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी इस तरह के विवादों में शामिल रहा है और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुका है। घटना के बाद इलाके में सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग रोका जा सके।

