
छपरा,निज संवाददाता। बिहार के सारण जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दोहरे हत्याकांड के एक अहम गवाह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। मिली जानकारी के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात मेथवलिया चौक से चनचौरा जाने वाली सड़क पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को गंभीर हालत में पाया। दोनों की पहचान मेथवलिया गांव निवासी पंकज राय और मनीष कुमार के रूप में हुई।
दोनों को तत्काल सदर अस्पताल, छपरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पंकज राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार को बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया। जहां अभी उपचार जारी है। हालांकि शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हुआ, लेकिन जब दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले तो पूरी घटना हत्या में बदल गई। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक पंकज राय वर्ष 2024 के चर्चित दोहरे हत्याकांड के एक महत्वपूर्ण गवाह थे और पूर्व में पुलिस सुरक्षा के बीच अदालत में गवाही भी दे चुके थे। ऐसे में हत्या को पुरानी रंजिश,गवाही और आपराधिक साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। इस घटना ने गवाहों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष अनुसंधान दल का गठन किया है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने घायल युवक से मिली जानकारी के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

