
छपरा,संवाददाता 12 जुलाई। सारण जिले के गड़खा प्रखंड मुख्यालय निवासी एक युवक अचानक वीर कुंवर सिंह पूल से लापता होने से पूरे इलाके में चिंता और मायूसी का माहौल है। उनके द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक भावुक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उन्होंने छपरा-आरा को जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह सेतु पर खड़े होकर बनाया था। वीडियो में वह बेहद भावुक दिखाई दे रहे हैं और जीवन से निराशा व्यक्त करते हुए कहते हैं कि वह “जिंदगी से हार चुके हैं। वीडियो सामने आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि लक्ष्मण साह ने पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी होगी। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही उनका कोई पता चल सका है। बता दें कि गड़खा प्रखंड के एक गांव का स्व.तारकेश्वर साह के पुत्र लक्ष्मण साह सेतु से लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य,स्थानीय लोग व प्रशासन युवक की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है तथा एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोर की मदद से गंगा नदी में खोजबीन कराई जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और युवक के लापता होने के सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक युवक का पता नहीं चल जाता या कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो जाती,तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हर किसी की जुबान पर यही दुआ है कि लक्ष्मण साह सकुशल अपने परिवार के बीच लौट आएं।

