
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया गांव में भारी तनाव
वैशाली,संवाददाता। बिहार के वैशाली जिले में रविवार सुबह रिश्तों को तार-तार कर देने वाली व दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासी गांव में रास्ते के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया,जहां एक भतीजे ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई की ताबड़तोड़ गोलीबारी कर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान सेना के जवान जितेंद्र कुमार (35) और उनके पिता मुनारिक राय (60) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार,भारतीय सेना में तैनात जितेंद्र कुमार कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर अपने गांव आए थे। परिवार के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह यह विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब हत्यारे भतीजा अपने कुछ साथियों के साथ मुनारिक राय के दरवाजे पर पहुंचा और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां पिता-पुत्र को लगीं और दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गोलीबारी की आवाज सुनते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और आनन-फानन में दोनों को सदर अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार और नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक और रास्ते-ज़मीन के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं उनके पिता मुनारिक राय पंचायत चुनाव में मुखिया पद के उम्मीदवार भी रह चुके थे और इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद रजासी गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

