गोपालगंज, 17 अक्तूबर (निज संवाददाता) नगर थाने के अरार गांव के समीप चंवर से शुक्रवार को 16 दिन से लापता युवक का सिर कटा शव पुलिस ने बरामद किया है। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव पूरी तरह सड़ गल गया है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक नगर थाना क्षेत्र के हजियापुर वार्ड नंबर 28 निवासी देवनाथ यादव के (20)वर्षीय पुत्र दुर्गेश कुमार है। परिजनों के अनुसार,दुर्गेश 30 सितंबर (अष्टमी) के दिन से लापता था। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो 2 अक्टूबर को नगर थाना में लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी बीच शुक्रवार को ग्रामीणों ने अरार चंवर में एक शव देखा और सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान दुर्गेश के रूप में की। मृतक के भाई ने बताया कि 7 सितंबर को खाद रखने को लेकर पट्टीदारों से विवाद हुआ था। उस दौरान दुर्गेश और उसकी मां के साथ मारपीट की गई थी और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। भाई का आरोप है कि 30 सितंबर को गांव का ही एक व्यक्ति दुर्गेश को मजदूरी के लिए बुलाकर ले गया था,जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिवार वालों ने आशंका जताई है कि पूर्व विवाद और धमकी देने वाले लोगों ने ही साजिश के तहत दुर्गेश की हत्या कर दी। बताया जा रहा कि घटना के बाद से दुर्गेश को बुलाकर ले जाने वाले व जिनसे विवाद हुआ था वे सभी फरार हैं।
-पिता लद्दाख में करते हैं मजदूरी
दुर्गेश दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता इस वक्त लद्दाख में मजदूरी का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

