गोपालगंज, 26 अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के महम्मदपुर थाने के बांसघाट मंसूरिया में रविवार को टैंकर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृत युवक महारानी गांव के देवेंद्र राम का 30 वर्षीय पुत्र संजय राम है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि युवक अपने दरवाजे के समीप खड़ा था। तभी तेज गति से आ रही टैंकर ने उसे रौंद डाला। गंभीर रूप से जख्मी युवक को जब तक इलाज के लिए स्थानीय लोग अस्पताल ले जाने की कोशिश करते तब तक उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही महम्मदपुर थाने कि पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जबकि हादसे को अंजाम देने के बाद चालक गाड़ी छोड़ तेजी से भाग निकला। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है। घटना के बाद लोग आक्रोशित थे। घटना की सूचना पर राजद प्रत्याशी सह विधायक प्रेमशंकर यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बूझाकर शांत कराया। घटना के बाद मृत युवक के परिजनों में कोहराम मच गया है। छठ महापर्व से पहले युवक की हादसे में मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष श्याम नारायण प्रसाद ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन का इंतजार किया जा रहा है। मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

