समस्तीपुर, 26 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) छठ पूजा 2025 के शुभ अवसर पर समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर प्रखंड के कापन में किन्नर समुदाय द्वारा संचालित दीदी जी फाउंडेशन की ओर से 301 छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सूप, नारियल, साड़ी, अगरबत्ती सहित अन्य सामग्रियाँ प्रदान की गईं। फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष सुमन दीदी के नेतृत्व में आयोजित इस सामाजिक पहल में आर्थिक रूप से कमजोर व्रतियों को सहयोग देने का उद्देश्य रखा गया।

कार्यक्रम में एनजीओ संघ बिहार के सचिव धिवक्ता संजय कुमार बबलू, रजिया नायक, करीना किन्नर, गुंजन किन्नर, चंचल किन्नर, जिला परिषद सदस्य रीना राय, अमन पराशर, शुभम कुमार, खुशबू कुमारी व आरती कुमारी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
सुमन दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि “अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन दूसरों के लिए जीना ही सच्ची महानता है।” उन्होंने बताया कि छठ पर्व आस्था का प्रतीक है, परंतु कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण इसे नहीं मना पाते। ऐसे परिवारों की सहायता के लिए यह अभियान हर वर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ फिता काटकर किया गया और अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।

