नई दिल्ली, 13 नवम्बर (अशोक “अश्क”) साउथ फिल्म इंडस्ट्री के स्टार्स विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना एक बार फिर अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं। बीते कुछ समय से दोनों की सगाई की खबरें चर्चा में थीं, कहा जा रहा था कि कपल ने अक्टूबर में सगाई कर ली है। अब हाल ही में विजय, रश्मिका की अपकमिंग फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ से जुड़े एक इवेंट में पहुंचे, जहां दोनों के बीच का रोमांटिक पल सोशल मीडिया पर छा गया।

इवेंट से सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि रश्मिका, विजय को देख हंसने लगती हैं। वहीं विजय उनकी आंखों में देखकर मुस्कुराते हैं और अचानक उनका हाथ पकड़कर किस कर लेते हैं। इस दौरान फोटोग्राफर्स और फैंस के कैमरों की फ्लैश लाइट्स चमक उठती हैं। रश्मिका का शर्मा जाना और दोनों के बीच की केमिस्ट्री ने इस पल को और भी खास बना दिया।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर प्यार लुटाया। एक यूजर ने लिखा, “उसकी असल जिंदगी की गर्लफ्रेंड यही है,” जबकि दूसरे ने कहा, “ये जोड़ी सबसे प्यारी है।” कई लोगों ने तो इसे उनकी शादी की ओर पहला कदम बताया।
बता दें, विजय और रश्मिका ने पहली बार 2018 की फिल्म ‘गीता गोविंदम’ में साथ काम किया था और बाद में ‘डियर कॉमरेड’ में भी उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया। हालांकि, अब तक दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

