
छपरा,संवाददाता 30 जून। छपरा शहर के चर्चित अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के मुख्य गवाह पंकज राय की गोली मार कर हत्या के बाद अब यह मामला राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ने लगा है। मंगलवार की शाम पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मृतक के आवास पहुंचे,जहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाया है।
-बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था सरकार व प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट उदाहरण:
परिजनों से बातचीत के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पंकज राय की हत्या बिहार में बिगड़ती कानून- व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिवक्ता पिता- पुत्र हत्याकांड के बाद पंकज राय ने कई बार जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर अपनी जान को खतरा होने की जानकारी देकर सुरक्षा की मांग की थी। लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
-सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल
सांसद ने कहा कि पंकज राय पर पहले भी जानलेवा हमले के प्रयास हुए थे, लेकिन उन घटनाओं को भी गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका आरोप था कि अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से मुख्य गवाह को निशाना बनाया ताकि महत्वपूर्ण मामले को कमजोर किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई होती तो संभवतः इस घटना को रोका जा सकता था। सांसद ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और आम लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि सरकार कानून- व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उन्हें नाकाबिल करार दिया और कहा कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है।
-आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग: परिजन
गौरतलब है कि रविवार देर रात अपराधियों ने पंकज राय और उनके छोटे भाई मनीष राय पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में पंकज राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष राय का पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे जिले में आक्रोश का माहौल है। परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं पप्पू यादव ने भी प्रशासन से दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

