
धमदाहा/पूर्णिया:-(संतोष कुमार झा)समाज को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने और नशा पीड़ित लोगों को बेहतर परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को धमदाहा प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र के ब्लॉक रोड स्थित नशा मुक्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। केंद्र का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम, मुख्य पार्षद रानी देवी, अंचलाधिकारी कुमार रवीन्द्रनाथ, कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा, थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार एवं जदयू नगर अध्यक्ष सूरज सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान कल्याणी फाउंडेशन के सदस्यों ने सभी अतिथियों का बुके एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक और पारिवारिक समस्या बन चुका है। इसके कारण युवा पीढ़ी सबसे अधिक प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे के प्रति लोगों को जागरूक करना और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना समय की मांग है। नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। यहां परामर्श, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग के माध्यम से लोगों को सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

