
गोपालगंज,निज संवाददाता। बिहार के मोकामा विधायक के हथियार प्रदर्शन के मामलें में जिले के मीरगंज थाने में दर्ज मामलें की जांच सरकार ने सीआईडी के हवाले कर दिया है। ऐसा होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा काफी तेज हो गई है। बता दें कि चार मई को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित उपनयन संस्कार कार्यक्रम के दौरान मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह एवं उनके समर्थकों पर हथियार लहराने के मामले में एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी जिसकी जांच अब सीआईडी करेगी। सरकार के आदेश के बाद पुलिस मुख्यालय ने इस चर्चित मामले को गोपालगंज पुलिस से हटाकर अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को ट्रांसफर कर दिया है। इसके साथ ही अब इस केस में स्थानीय पुलिस की भूमिका समाप्त हो गई है। बताया जाता है कि सेमराव गांव निवासी गुड्डू राय के घर बीते दो एवं तीन मई को आयोजित उपनयन संस्कार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान विधायक अनंत सिंह तथा उनके समर्थकों पर सार्वजनिक रूप से हथियार लहराने का आरोप लगा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मीरगंज थाना में चार मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के क्रम में पुलिस की ओर से विधायक अनंत सिंह एवं उनके समर्थकों को नोटिस जारी कर 15 मई को हथियार के साथ मीरगंज थाना में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। हालांकि निर्धारित तिथि पर विधायक व उनके समर्थक थाना नहीं पहुंचे। इस बीच मामले को लेकर कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार,मामला राजनीतिक रूप से काफी चर्चित होने के कारण पुलिस मुख्यालय ने इसे गंभीर श्रेणी में रखते हुए सीआईडी को सौंपने का निर्णय लिया। अब सीआईडी की टीम पूरे मामले की जांच करेगी तथा घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगालेगी। जांच के दौरान वीडियो फुटेज,प्रत्यक्षदर्शियों के बयान एवं अन्य साक्ष्यों को आधार बनाया जाएगा। इस मामले को लेकर जिले में लगातार चर्चाएं बनी हुई हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीआईडी को सभी आवश्यक दस्तावेज एवं केस डायरी उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

