
मुंगेर,निज संवाददाता। बिहार के मुंगेर जिले में बुधवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर गंगा घाट पर नहाने गई पांच बच्चियां अचानक गहरे पानी में डूब गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए एनडीआरएफ,एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को मौके पर लगाया। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान अब तक तीन बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य बच्चियों की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घाट पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, डूबने वाली पांच बच्चियों में चार श्यामपुर गांव निवासी क्रांति पासवान की बेटियां बताई जा रही हैं, जबकि एक अन्य बच्ची चमकलाल पासवान की पुत्री है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चियां गंगा में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और एक-एक कर डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। जिला प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए बचाव कार्य तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि लापता दोनों बच्चियों की खोज के लिए अभियान लगातार जारी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

