समस्तीपुर (अशोक “अश्क”) जिले के वाणिज्य कर विभाग द्वारा सर्वाधिक कर देने वाले विशिष्ट करदाताओं को इस बार भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान दिया गया। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित करदाताओं को प्रतीक चिह्न और नकद राशि प्रदान की।

राज्य कर संयुक्त आयुक्त कृष्ण मोहन सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष समस्तीपुर जिले से तीन शीर्ष करदाताओं का चयन किया गया, जिन्होंने वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी कारोबार के साथ सरकार को समय पर राजस्व देकर मिसाल कायम की है। इसमें मेसर्स शिवा इंटरप्राइजेज को प्रथम स्थान के लिए चुना गया।
शिवा इंटरप्राइजेज की ओर से सम्मान ग्रहण करने पहुंचे आशीष चांदना को मंच पर मौजूद एमएलसी तरुण चौधरी, मेयर अनीता राम, जिला परिषद अध्यक्ष खुशबू कुमारी, एसपी अरविंद प्रताप सिंह, डीडीसी शैलजा पांडेय, एसडीओ दिलीप कुमार आदि गणमान्य अतिथियों द्वारा ₹51,000 का चेक एवं सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
संयुक्त आयुक्त कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि वाणिज्य कर विभाग की यह पहल न केवल ईमानदार करदाताओं को पहचान देने का कार्य कर रही है, बल्कि इससे व्यवसायिक समुदाय को कर भुगतान के प्रति प्रेरणा भी मिल रही है। यह सम्मान बिहार मूल्यवर्धित कर अधिनियम 2005 एवं माल एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 के अंतर्गत निर्धारित मानदंडों के आधार पर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि भामाशाह सम्मान एक सकारात्मक संदेश है कि ईमानदारी और पारदर्शिता से कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों को समाज में विशेष स्थान और सम्मान मिल सकता है। यह पहल कर जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ राजस्व संग्रह में सुधार की दिशा में भी एक सार्थक कदम है।
कार्यक्रम में जिले के वाणिज्य कर पदाधिकारी, करदाता, व्यवसायी एवं आम नागरिक भी उपस्थित थे। समारोह का उद्देश्य जिम्मेदार करदाताओं को प्रेरित कर समाज में कर संस्कृति को मजबूत करना है।

