
बक्सर,निज संवाददाता। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हालिया बक्सर दौरे के दौरान सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में कथित लापरवाही को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। बक्सर नगर परिषद के नगर कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री 23 मई को बक्सर दौरे पर आए थे। इस दौरान किला मैदान में उनके हेलीकॉप्टर की निर्धारित स्थान पर लैंडिंग नहीं हो सकी थी, जिसके कारण हेलीकॉप्टर को दूसरे स्थान पर उतारना पड़ा था। इस घटना को प्रशासनिक चूक के रूप में देखा गया और मामले की जांच कराई गई। जांच के लिए बक्सर के अपर समाहर्ता (एडीएम) की अध्यक्षता में एक टीम गठित की गई थी। टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को सौंपी,जिसके आधार पर सरकार को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा गया। जांच में नगर कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक पर अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप पाए गए। रिपोर्ट के आधार पर नगर विकास एवं आवास विभाग ने कार्रवाई करते हुए कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। विभाग का मानना है कि मुख्यमंत्री के दौरे जैसे अति महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
इस कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार का सख्त कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि वीवीआईपी कार्यक्रमों में किसी भी स्तर की चूक पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

